छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में काफी लंबे समय और संघर्षों के बाद विमान सेवा शुरु हुई थी जिससे आमजनों को काफी राहत मिली थी। लेकिन अब कुछ ही महीनों बाद विमान सेवाएं बंद कर दी गई है। अगले समय शेडयूल में बिलासपुर से इंदौर तक चलने वाली फ्लाइट की बुकिंग बंद हो गई है।
पहले चरण में बिलासपुर से दिल्ली व इलाहाबाद के लिए फ्लाइट शुरू की गई थी। दूसरे चरण में बिलासपुर से इंदौर तक की उड़ान सेवा अक्टूबर 2022 में शुरू हुई। सिर्फ चार माह बाद ही यह सेवा बंद कर दी गई। जारी समर शेड्यूल में बिलासपुर-इंदौर विमान सेवा शामिल नही है। 24 मार्च को आखिरी फ्लाइट बिलासपुर से इंदौर तक के लिए है। वहीँ 26 मार्च से इंदौर की फ्लाइट की बुकिंग नही होगी। फ्लाइट बंद होने से हवाई सेवा संघर्ष समिति ने नाराजगी जताई है।
महंगी टिकट होने के बावजूद पैसेंजर बिलासपुर से टिकट बुक करवा ही रहे थे। सिर्फ 5 माह में ही फ्लाइट सेवा रद्द हो गई है। लोगों का कहना है कि अभी समर में यात्री भी ज्यादा रहते हैं और कम से कम 1 वर्ष तक सुविधा देने के बाद फीड बैक के आधार पर निर्णय लेना था। इस फैसले से लोगों में काफी निराशा है, हालांकि फ्लाइट रद्द करने का कोई कारण अब तक नहीं बताया गया है।