नई दिल्ली: – पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार की ओर से पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के लिए दी गई डेडलाइन रविवार को खत्म हो चुकी है। सरकार के फैसले के बाद से ही वाघा-अटारी बॉर्डर पर स्वदेश लौटने वाले पाकिस्तानी नागरिकों का तांता लगा हुआ है।
ऐसे में सवाल आता है कि अब तक कितने लोग भारत छोड़ चुके हैं और कितने अभी भी भारत में मौजूद हैं। डेडलाइन के बाद पाकिस्तानियों को अपने देश लौटने के लिए क्या कुछ करना होगा।
इतने पाकिस्तानी वापस लौटे
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान लौट रहे नागरिकों को लेकर एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 531 नागरिक वाघा अटारी बॉर्डर के जरिए अपने देश लौट चुके हैं। रविवार को भारत से 237 पाकिस्तानी नागरिक वापस पाकिस्तान गए, वहीं 116 भारतीय पाकिस्तान से वापस भारत लौटे। इसके बाद पाकिस्तान से लौटने वाले नागरिकों की संख्या 843 हो गई है।
किस दिन कितने पाकिस्तान वापस लौटे?
तारीख पाकिस्तान जाने वाले लोग भारत लौटे लोग
24 अप्रैल 28 नागरिक पाकिस्तान गए 105 भारतीय वापस आए
25 अप्रैल 191 नागरिक पाकिस्तान गए 287 भारतीय वापस आए
26 अप्रैल 75 नागरिक पाकिस्तान गए 335 भारतीय वापस आए
27 अप्रैल 237 नागरिक पाकिस्तान गए 116 भारतीय वापस आए
ये आकंडे भारत सरकार की ओर से पाकिस्तान नागरिकों और पाकिस्तान सरकार की ओर से भारतीय नागरिकों को अपने देश वापस जाने के दिए गए अल्टीमेटम के बाद यानि 24 अप्रैल से है।
29 अप्रैल होगा आखिरी दिन
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद्द कर दिया था। हालांकि मेडिकल वीजा पर भारत आए पाकिस्तानी नागरिक 29 अप्रैल तक भारत में रह सकते हैं, लेकिन इसके बाद उन्हें भारत छोड़ना पड़ेगा।
दिल्ली में रह रहे हैं 5 हजार पाकिस्तानी
सरकार के फैसले के बाद अब तक 531 नागरिक पाकिस्तान लौट चुके हैं। इसी बीच इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) दिल्ली पुलिस को एक रिपोर्ट सौंपी है। आईबी ने अपनी रिपोर्ट में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में रह रहे 5 हजार से अधिक पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उनका ब्यौरा दिल्ली पुलिस को सौंपा है जिन पर 29 अप्रैल के बाद कानूनी कार्रवाई हो सकती है।