मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एकता नगर इलाके में 28 वर्षीय एक महिला का शव उसके घर पर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि मृतका 3 माह की गर्भवती थी। उसका नाम नीतू बताया जा रहा है। वहीं महिला के पति का फोन मौत के 5 घंटे पहले से बंद है। बताया गया है कि दोनों ने लव मैरिज की थी। वहीं मृतका के परिजनों ने जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
अब सवाल ये उठता है कि आरोपी शख्स ने जिस युवती से प्रेम किया, जिस युवती से शादी की और जिस युवती के साथ वह पूरी जिंदगी बिताना चाहता था। लेकिन आखिर ऐसा क्या हुआ की ऐसे सपने संजोने वाले प्रेमी पति ने ही अपनी प्रेमिका पत्नी को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया? पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई हैं।
किराए के मकान में रह रहे थे दंपति
मकान मालिक धर्मपाल ने पुलिस को बताया कि जितेंद्र और नीतू ने 15 दिन पहले कमरा किराए पर लिया था। जितेंद्र मजदूरी करता है। फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। धर्मपाल ने पुलिस को बताया कि महिला का पति सुबह ही कहीं चला गया था। वहीं जब नीतू दोपहर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो उन्होंने उसे आवाज लगाई। जिस पर अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। जब उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो नीतू बिस्तर पर पड़ी हुई थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। जिसके बाद जितेंद्र का फोन बंद आने पर धर्मपाल ने नीतू के मायके वालों को सूचना दी।
अक्सर दंपति के बीच होता था विवाद
वहीं मौके पर पहुंची मृतका की बहन और जीजा ने बताया कि जितेंद्र मूल रुप से मुजफ्फरनगर, मीरापुर का निवासी है। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले जितेंद्र और नीतू मेरठ आए थे। मृतका नीतू की बहन ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद नीतू खुश नहीं थी। जितेंद्र और नीतू के बीच अक्सर मारपीट और झगड़ा होता था। नीतू ने कुछ दिन पहले जितेंद्र की शिकायत अपने मायके वालों से भी की थी। प्रेम विवाह के कारण मायके वालों ने दोनों के मामले में कोई दखल नहीं दी। जिस प्यार के लिए नीतू ने जितेंद्र से शादी की थी। शादी के बाद वह प्यार भी झूठा निकला। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।