नई दिल्ली:– भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला होने के बाद अब जिला व महानगरों में वक्फ सुधार जनजागरण अभियान 23 व 24 अप्रैल से शुरू होगा। अभियान के दौरान भाजपा वक्फ संशोधन कानून का लाभ गरीब मुस्लिमों को किस तरह मिलेगा, यह समझाएगी।
इसके लिए मुस्लिम बस्तियों में पत्रक भी बांटे जाएंगे। इस दौरान भाजपा विपक्षी दल खासकर सपा व कांग्रेस पर भी हमला बोलेगी और मुस्लिमों को यह बताएगी कि विपक्ष इस कानून को लेकर केवल गुमराह कर रहा है।
वक्फ संशोधन कानून की खूबियां बताई जाएंगी
भाजपा ने वक्फ संशोधन कानून की खूबियां बताने के लिए पत्रक तैयार कराए हैं। इसके अलावा मुस्लिम समाज के प्रभावशाली लोगों के साथ बैठक में पीपीटी (पावरप्वॉइंट प्रजेंटेशन) भी दिखाया जाएगा। इसमें वक्फ कानून के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।
विपक्ष जो भ्रमजाल फैला रहा है, उसे भी इसके माध्यम से दूर किया जाएगा। जिला स्तर पर अभियान चलाने के लिए एक समिति बनाई गई है, जिसमें एक प्रभारी व दो-तीन सह प्रभारी बनाए गए हैं। समिति में एक सदस्य अल्पसंख्यक मोर्चा के भी रखे गए हैं।
मंडल स्तर पर बनाई गई है समिति
वहीं, मंडल स्तर पर जो समिति बनाई गई है उसमें भी एक प्रभारी व दो सह प्रभारी बनाए गए हैं। मुस्लिम महिलाओं के जरिये भी वक्फ संशोधन कानून के सकारात्मक दृष्टिकोण को समाज के बीच ले जाने की कोशिश होगी। अभियान के तहत सांसद व विधायक मुस्लिम समाज के प्रभावशाली लोगों के साथ बैठक करेंगे।
इस दौरान भाजपा यह बताएगी कि देश में कुल 37.94 लाख एकड़ भूमि वक्फ घोषित है। इस संपत्ति का सही उपयोग हुआ होता तो मुस्लिम समाज के पास प्रति वर्ष एक लाख करोड़ रुपये की आय होती, जबकि वास्तव में प्रति वर्ष 166 करोड़ रुपये की आय ही हो रही है। अभियान के दौरान भाजपा यह भी बताएगी कि इन संपत्तियों को कौन-कौन लूटता रहा है।