कोटा। न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर के भैरव बाबा मंदिर के पास एक वृद्ध महिला की लाश मिली है। लाश मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घटना शुक्रवार की है। मृतक महिला का नाम 73 वर्षीय जाम बाई बताया जा रहा है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार भैरव बाबा मंदिर के पास वृद्ध का शव क्षतिग्रस्त हालत में घर के कमरे में पड़ा हुआ था। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि वृद्ध महिला की मौत 2 से 3 दिन पहले हो चुकी है। साथ ही महिला के हाथ में चोट के निशान भी मिले हैं। इस पर पुलिस को संदेह हुआ कि वृद्धा की किसी ने हत्या तो नहीं कर दी है। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि महिला की मौत के बाद जीव—जंतुओं ने शव को नोच दिया है। हालांकि महिला की मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। फिलहाल पुलिस ने महिला के परिजनों को शव को सौप दिया है।