नई दिल्ली:– देशभर में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। अप्रैल का महीना अपने चरम पर है और देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने अलग-अलग रूप ले लिए हैं। कहीं आसमान से शोले बरस रही हैं, तो कहीं बारिश राहत दे रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है।
राजधानी दिल्ली में आज 24 अप्रैल को मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 24 से 26 अप्रैल तक यहां लू चलने की आशंका जताई गई है और तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अंदाजा है। धूप में निकलने वालों के लिए यह चेतावनी है कि सावधानी के इंतजाम के साथ ही बाहर कदम रखें।
ओडिशा में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित
ओडिशा में गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। झारसुगुड़ा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक है। राज्य के 10 जिलों में 40 डिग्री से अधिक तापमान है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार ने स्कूल-कॉलेज में गर्मी की छुट्टियां इस बार समय से पहले दे दी हैं। मौसम विभाग की मानें तो हीटवेव का यह सिलसिला फिलहाल थमने वाला नहीं है।
IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम राजस्थान और चंडीगढ़ में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में भी गर्म हवाओं का असर शनिवार तक बना रह सकता है।
दक्षिण भारत का क्या है हाल
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, रायलसीमा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में गर्मी के साथ-साथ उमस का भी असर बना रहेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि केरल, माहे और गुजरात के कई हिस्सों में आज और आने वाले कुछ दिनों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में बारिश की संभावना जताई है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 23 से 27 अप्रैल तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी भारत में भी 26 से 28 अप्रैल के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
बेंगलुरु में आज मौसम थोड़ा मेहरबान
अगर आप बेंगलुरु में हैं तो थोड़ी राहत महसूस कर सकते हैं। यहां आज 24 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बिजली और 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हवा में नमी लगभग 53% रहने की संभावना है, जिससे तापमान थोड़ा संतुलित रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में आगामी 7 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। गुजरात में हालांकि अभी बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन उसके बाद तापमान में इजाफा संभव है। यानी गर्मी अभी और बढ़ने वाली है।