दिल्ली 11 Sep: बारिश के मौसम की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। लौटता मानसून कई जगह भारी बारिश का कारण बन रहा है। राजधानी दिल्ली और इससे सटे इलाकों में शनिवार सुबह से भारी बारिश हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चलीं। दिल्ली के कई इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर भर गया है। टर्मिनल-3 पर फ्लाइट पानी में डूबी नजर आईं। कुछ फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में शनिवार की सुबह हुई भारी बारिश पिछले 46 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नीचे वीडियो में देखिए किस तरह सड़कें स्वीमिंग पूल बन गईं और बच्चे तैरने लगे।वहीं लौटते मानसून के कारण मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र में कहीं कहीं भारी बारिश हो रही है। इन राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वहीं मध्य प्रदेश में एक बड़ा हिस्सा ऐसा भी है जहां औसत से कम बारिश हुई है। जानिए देशभर के मौसम का हाल
राजस्थान-गुजरात में भारी बारिश की अलर्ट, यूपी-बिहार में चलेंगी तूफानी हवाएं
भारतीय मौसम विभाग ने राजस्थान, गुजरात और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश में तूफान हवाएं चलने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और पूर्वी गुजरात पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना रहेगा। इसके अलावा, पश्चिमी तटवर्ती हवाओं का जोर भी रहेगा, जिसके कारण भारी बारिश की आशंका है।
शनिवार के मौसम का अनुमान
गुजरात के पूर्वी हिस्से में छिटपुट गरज के साथ बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर राजस्थान, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से, पश्चिमी बिहार, उत्तरी झारखंड और अंडमान द्वीप समूह पर भी बारिश होगी। दक्षिणी राजस्थान और ओडिशा के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सुबह के समय घने कोहरे का अनुमान है।
रविवार के मौसम का अनुमान
पंजाब, हरियाणा, ओडिशा के तटीय और उत्तरी क्षेत्रों में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी गुजरात और उत्तर-पश्चिमी महाराष्ट्र के उत्तर-पूर्वी तटीय क्षेत्रों और दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि 10 से 12 सितंबर तक कोंकण और गोवा, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण और दक्षिण पूर्व राजस्थान, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है। इसी तरह जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब के कुछ हिस्सों, दिल्ली, पश्चिम और मध्य उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, तटीय ओडिशा, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, झारखंड, सिक्किम और असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
स्कायमेट वेदर के अनुसार, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों और इससे सटे पूर्वी राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून की ट्रफ बीकानेर, कोटा, गुना, सिद्धि, अंबिकापुर, पुरी और फिर दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की पूर्व मध्य खाड़ी से गुजर रही है। एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है, और 11 सितंबर तक उसी क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है। एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर अरब सागर से गुजरात, दक्षिण राजस्थान, मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा होते हुए उत्तर मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।