नईदिल्ली। देश के उत्तरी भाग में ठिठुरन वाली सर्दी ने दस्तक दे दी है। कई शहरों में तापमान तेजी से नीचे गिरता जा रहा है। आने वाले दिनों में रिकॉर्डतोड़ सर्दी का सामना करना पड़ सकता है। सबसे पहले दिल्ली की बात करें तो आज सुबह यहां न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस पर आ गया था वहीं अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कुछ ऐसे भी राज्य हैं जहां ठंड के मौसम में भी बारिश के आसार हैं। अगले 12 घंटे में निकोबार द्वीप समूह के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित महाराष्ट्र में भी गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ इलाकों में 17से 18 दिसंबर तक शीतलहर चलने का अनुमान जताया है। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में भी पारा नीचे गिर सकता है।बिहार में सर्दी में पिछले आठ साल का रिकॉर्ड टूट सकता है। कटिहार, बेगूसराय, खगडिय़ा, छपरा बक्सर, आरा समेत कई जिलों में 25 दिसंबर के बाद से रिकॉर्डतोड़ सर्दी पडऩे की संभावना है।