नई दिल्ली :– झारखंड चुनाव के शंखनाद के बीच कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस जारी लिस्ट में पार्टी ने 21 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। इनमें जामताड़ा विधानसभा सीट से ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी, लोहरदगा सीट से राज्य के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, रामगढ़ सीट से ममता देवी और जमशेदपुर ईस्ट सीट से डॉक्टर अजय कुमार के नाम प्रमुखता से शामिल किए गए हैं।
बीते सोमवार को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के कुछ घंटों के बाद यह सूची जारी की गई। इस बार उरांव को उनकी मौजूदा लोहरदगा सीट से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी अजय कुमार को जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। कुमार जमशेदपुर से लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं।
इसके साथ ही राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी को उनके वर्तमान क्षेत्र जामताड़ा से ही फिर से मैदान में उतारा गया है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को जमशेदपुर पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है। इधर कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को महगामा से एक फिर उम्मीदवार बनाया गया है। वह वर्तमान में इस सीट से विधायक हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने सत्तारूढ़ गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध के बीच ये उम्मीदवार घोषित किए हैं। इस बाबत कांग्रेस ने बीते सोमवार रात कहा कि आज यानी मंगलवार को इसको लेकर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी कि कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा।
जानकारी दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने बीते शनिवार को घोषणा की थी कि दोनों दल राज्य की 81 विधानसभा सीट में से 70 पर चुनाव लड़ेंगे और बाकी सीट पर घटक के अन्य सहयोगी लड़ेंगे।
हालांकि इस पर राष्ट्रीय जनता दल ने इस घोषणा पर नाराजगी जताते हुए बीते रविवार को कहा था कि 12 से कम सीट उसे स्वीकार्य नहीं होंगी और अगर अकेले चुनावी मैदान में उतरना पड़ा, तो उस स्थिति में भी वह ‘इंडिया’ गठबंधन की संभावनाओं को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। झामुमो, कांग्रेस और राजद विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ शामिल हैं। झारखंड में दो चरण में आगामी 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।