नई दिल्ली: – केंद्र शासित प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश के अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर आज यानी साेमवार शाम 5 बजे थम जाएगा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है।
इधर, उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के लिए भाजपा की ओर से पार्टी के यूपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मिल्कीपुर में कैंप कर रहे हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी के उम्मीदवार अजीत प्रसाद के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
आम आदमी पार्टी के 9 रोड शो-रैलियां
दिल्ली में प्रचार का अंतिम दिन रोड शो और रैलियों के नाम होने जा रहा है। दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह समेत दिग्गज नेता प्रचार के मैदान में उतरेंगे। आम आदमी पार्टी ने अंतिम दिन के लिए 9 रैलियों और रोड शो का कार्यक्रम तय किया गया है।
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह भी रोड शो और जनसभाएं कर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आएंगे। छतरपुर में अरविंद केजरीवाल की सभा दोपहर में होगी।
शत्रुघ्न सिन्हा आप के लिए करेंगे प्रचार
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के समर्थन में कालकाजी में रोड शो होगा। वहीं जंगपुरा में मनीष सिसोदिया की बाइक रैली भी निकलेगी। AAP नेता संजय सिंह भी 3 चुनावी सभा करेंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली में आज 4 सभाओं को संबोधित करेंगे। TMC नेता शत्रुघ्न सिन्हा भी किराडी में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
दिल्ली की सीएम आतिशी भी अपनी विधानसभा सीट कालकाजी में पद यात्राएं करेंगी। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दिल्ली की सभी सीटों पर डोर टू डोर प्रचार करेंगे। वहीं, विपक्षी भाजपा की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेता, केंद्रीय मंत्री और पदाधिकारी प्रचार मैदान में होंगे।
भाजपा की 22 रैलियां और रोड शो
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुराड़ी के मुकुंदपुर चौक पर रैली करेंगे। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जंगपुरा, द्वारका और बिजवासन में जनसभा को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाजप प्रत्याशी के समर्थन में छतरपुर और मोती नगर में रोड शो करेंगे। तो कांग्रेस की ओर से सांसद प्रियंका गांधी कोटला मुबारकपुर में रोड शो करेंगी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी के 22 रोड शो और रैलियां होगी।
अखिलेश यादव और भूपेंद्र चौधरी आज मिल्कीपुर में
उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी प्रचार का आज अंतिम दिन है। यूपी भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी कैंप आज मिल्कीपुर में कैंप करेंगे। वहीं, समाजवार्दी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव भी पार्टी के उम्मीदवार अजीत प्रसाद के समर्थन में रैली करेंगे।
अखिलेश यादव की चुनावी जनसभा इनायतनगर मैदान में होनी थी लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण पार्टी को रैली के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। अखिलेश यादव की जनसभा अब हैरिंग्टनगंज के किसान इंटर कॉलेज के मैदान में होगी।